गाजियाबाद
अंकुर विहार के स्कूल मैदान से पेड़ कटने और खेल मैदान पर प्लाट काटने का मामला गरमाया
स्थानीय नागरिकों ने हरे पेड़ कटान पर जताई चिंता
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : अंकुर विहार, बी-ब्लॉक स्थित नवजीवन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान की भूमि पर प्लाट काटने के बाद अब एक हरे पेड़ की कटाई को लेकर कालोनी में विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खेल मैदान के एक हिस्से में प्लॉटिंग जैसी गतिविधियाँ देखी गई हैं, जबकि हाल में मैदान पर मौजूद एक हरे पेड़ को भी काटा गया, जिससे यहां रह रहे लोगों में नाराज़गी देखने को मिल रही है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, खेल मैदान बच्चों के खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए निर्धारित क्षेत्र माना जाता है। स्कूल को मान्यता देते हुए खेल मैदान वाले संस्थान को प्राथमिकता भी दी जाती है ऐसे में स्कूल की भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण या विभाजन को लेकर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने चिंता जताई है। वहीं पेड़ कटने की घटना ने लोगों की नाराज़गी को और बढ़ा दिया है
जवान व हरे पेड़ कटान के नियमों को लेकर भी उठे सवाल
पर्यावरण और वन संबंधी कानूनों के अनुसार किसी भी हरे पेड़ को काटने के लिए संबंधित विभागों से अनुमति आवश्यक होती है। नागरिकों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सूचना या अनुमति की जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने संबंधित विभागों से इस मामले की जाँच कराने और तथ्य स्पष्ट करने की माँग की है।
स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर चर्चा
कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि स्कूल थाने से थोड़ी दूरी पर स्थित है, फिर भी पेड़ कटने की घटना पर मौके पर रोकथाम क्यों नहीं हुई। नागरिकों का कहना है कि वे प्रशासन और वन विभाग से औपचारिक शिकायत करने पर विचार कर रहे हैं, ताकि मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
स्कूल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से किसी आधिकारिक स्पष्टीकरण की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि संबंधित विभाग जल्द ही स्थिति का संज्ञान लेकर भूमि उपयोग और पेड़ कटाई से जुड़े तथ्यों की जांच कर कार्यवाही करेगा