मथुरा

सोशल मीडिया का दुरुपयोग परिवारों में विघटन का कारण: बबीता चौहान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा बबीता चौहान ने कहा कि सोशल मीडिया का गलत प्रयोग पारिवारिक रिश्तों में विघटन का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक का सकारात्मक उपयोग जरूरी है, लेकिन सोशल मीडिया के दुरुपयोग से रिश्तों में कड़वाहट पैदा हो रही है। पीडब्ल्यूडी सभाकक्ष में आयोजित महिला जनसुनवाई और समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 19 मामले सामने आए, जिनमें अधिकांश पारिवारिक विवाद से जुड़े थे। कुछ मामलों में 20 से 25 वर्ष पुराने वैवाहिक रिश्तों के टूटने की स्थिति सामने आई, जिनका प्रमुख कारण अवैध संबंध बताया गया। बबीता चौहान ने बताया कि जनसुनवाई में आए सभी मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण कराया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों पर प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला अपराधों के मामलों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 112, 181 और 1090 की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। बैठक में क्षेत्राधिकारी सुमन कनौजिया, बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रमेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button