
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कोतवाली क्षेत्र के रुखालू गुलामपुर मार्ग स्थित तीसरे मील के निकट बगद नदी के पास दिनदहाड़े पाउडर और केमिकल मिलाकर नकली पनीर बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक खुलेआम सफेद पाउडर को पानी में घोलकर पनीर तैयार करता दिख रहा है।वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मिलावटखोर स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हुए बड़ी मात्रा में नकली पनीर बना रहे हैं। यह घिनौना काम मुख्य मार्ग के किनारे चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर मिलावट का कारोबार चलने के बावजूद खाद्य विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी, जो विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
क्षेत्रीय लोगों ने खाद्य विभाग की लापरवाही के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है और मांग की है कि इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, विभाग के उन अधिकारियों के खिलाफ भी जांच होनी चाहिए जिनकी कथित मिलीभगत या अनदेखी के कारण यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है।



