मेरठ

एमआईटी मेरठ में सीएम युवा पहल के तहत दो दिवसीय कार्यशालाएँ संपन्न

युवाओं को मिला उद्यमिता, एग्रीटेक और वित्तीय सहायता का व्यावहारिक मार्गदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में मेरठ उद्यमी फाउंडेशन के सहयोग से सीएम युवा पहल के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, सरकारी योजनाओं, कृषि-आधारित नवाचारों और वित्तीय सहायता के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। पहली कार्यशाला में मुख्य वक्ता नीति शोधकर्ता और सीएम युवा कार्यक्रम से जुड़े योजना विशेषज्ञ राजत मिश्रा रहे। उन्होंने छात्रों को सीएम युवा योजना की अवधारणा, नीतिगत अवसरों और वास्तविक समस्याओं को पहचानकर उन्हें सफल उद्यम में बदलने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। दूसरी कार्यशाला का विषय एग्री और एग्रीटेक अवसर रहा। इस सत्र के विशेषज्ञ जैविक डिजिटल के संस्थापक और एग्रीबिजनेस प्रशिक्षक हार्दिक रावत थे। उन्होंने मूल्य संवर्धन, रेजिड्यू-फ्री खेती, आधुनिक प्रोसेसिंग, डिजिटल ब्रांडिंग और कृषि-आधारित नए स्टार्टअप्स की संभावनाओं पर व्यवहारिक मार्गदर्शन दिया, जिससे छात्रों को कृषि उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में संस्थान के बैंकिंग सहयोगी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बिना गारंटी वाले ऋण, पात्रता शर्तों, पुनर्भुगतान व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए छात्रों को शुरुआती उद्यमों के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता की सरल प्रक्रिया से अवगत कराया। सत्र में उप उद्योग आयुक्त मेरठ, दीपेन्द्र कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने जनसुनवाई समाधान पोर्टल के उपयोग और उद्यमियों को प्रदान की जाने वाली सरकारी सहायता के बारे में जानकारी दी। दोनों कार्यशालाओं में विभिन्न विभागों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button