गोड्डा

बाघमारा में पीसीसी 

सड़क निर्माण में अनियमितता साबित होने के बावजूद विशेष प्रमंडल ने संवेदक से दिखाई सहानुभूति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : पोड़ैयाहाट प्रखंड के बाघमारा में पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता साबित होने के बावजूद विशेष प्रमंडल ने संवेदक से  सहानुभूति दिखाई है। एक ओर विभाग ने संवेदक को घटिया सड़क निर्माण का दोषी भी माना है तो दूसरी ओर सड़क बनाने की छूट भी दे डाली है। मामला बाघमारा हरिजन टोला से मुख्य सड़क तक पीसीसी निर्माण का है।इसके संवेदक गोड्डा के गांधीनगर के राम गोपाल कृष्णा हैं। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, गोड्डा के कार्यपालक अभियंता ने इस संबंध में संवेदक राम गोपाल कृष्णा को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। जारी पत्र (प्र.सं. 683/गोड्डा) के अनुसार यह कार्य वर्ष 2024-25 में आवंटित था, जिसकी स्वीकृति अवधि 31 दिसंबर 2024 तक और पूर्णता अवधि 30 मार्च 2025 तक निर्धारित थी। जांच में पाया गया कि कार्य पूर्ण नहीं हुआ है तथा निर्माण स्थल पर GSB ग्रेडिंग मानक के अनुरूप नहीं पाया गया।
निरीक्षण दल ने 11 अक्टूबर 2025 को मौके पर जाकर जांच की, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि “मोटाई-1” एवं “मोटाई-2” दोनों ही स्थानों पर GSB की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इस पर कार्यपालक अभियंता ने संबंधित पदाधिकारी को चेतावनी दी है कि निर्माण कार्य को तत्काल प्राक्कलन एवं तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। पत्र में यह भी कहा गया है कि अगली रिपोर्ट में कार्य की फोटोग्राफिक प्रगति रिपोर्ट संलग्न कर शीघ्र भेजी जाए ताकि जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। इस पूरे मामले पर विभाग द्वारा फिलहाल कुछ नहीं कहा गया है।लेकिन संवेदक राम गोपाल कृष्णा पूरे ढिठाई से कहते हैं कि उन्होंने अब तक सड़क ही नहीं बनाई।बारिश होने से काम रुका हुआ था।जब बारिश रुकेगी तो काम होगा। गौर करने लायक बात यह है कि संवेदक को 30 मार्च को ही काम पूरा कर लेना था लेकिन उन्होंने किया नहीं।ऐसे में बारिश का मसला कहां से आ गया! जो भी हो विशेष प्रमंडल द्वारा जारी विभागीय पत्र से संवेदक पर कितना असर पड़ेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button