
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : चौसाना क्षेत्र के गांव भड़ी की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुरुद्वारा कोंथलपुर खोड़समा के पास अचानक हादसे का शिकार हो गई। ट्रॉली हरियाणा के असंध से पुराली की गांठ भरकर शामली शामला स्थित डिस्टलरी के लिए जा रही थी। इसी दौरान चलती ट्रॉली के टायरों का जोड़ा अचानक निकल गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और चालक सहित सभी मजदूर सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रॉली में भरी पुराली की गांठें सड़क किनारे बिखर गईं। हालांकि ट्रॉली में सवार मजदूरों और चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत सड़क पर फैली गांठों को हटाकर रास्ता साफ कर दिया, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। इससे कुछ ही देर में यातायात सामान्य हो गया।
मजदूरों ने बताया कि ट्रॉली गांव भड़ी के लोगों की है और पुराली की गांठें असंध, हरियाणा से भरकर लाई गई थीं। इन्हें शामली शामला स्थित डिस्टलरी में पहुंचाया जाना था। हादसे के बाद पलटी हुई ट्रॉली में भरे माल को दूसरी ट्रॉली में भरकर गंतव्य तक भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मौके पर आसपास के लोगों ने भी मदद पहुंचाई और राहत कार्य में सहयोग किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुद्वारा कोंथलपुर खोड़समा के पास यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था, लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना के बाद राहगीरों वे आस पास के ग्रामीणों ने वाहन चालकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों और अन्य तकनीकी हिस्सों की नियमित जांच कर चलने की सलाह दी।