अमरोहा

हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से गेहूं की फसल में लगी आग, किसान झुलसा

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
अमरोहा।  हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव इकोदा में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल में भीषण आग लग गई। इस हादसे में किसान राजपाल सिंह की करीब 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई।आग की लपटें उठती देख किसान के पुत्र जितेंद्र ने ट्रैक्टर से जुताई कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने ट्रैक्टर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान जितेंद्र गंभीर रूप से झुलस गया और ट्रैक्टर भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना पर सैदनगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते आग पर काबू पाने में देरी हुई और फसल का बड़ा हिस्सा जल गया। ग्रामीणों ने स्वयं पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया।पीड़ित किसान राजपाल सिंह ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 11 हजार वोल्ट की लाइन के नीचे सुरक्षा के लिए सपोर्ट वायर (गार्डिंग) नहीं लगाया गया था। यदि सुरक्षा व्यवस्था होती, तो तार खेत में नहीं गिरता और यह हादसा टल सकता था।घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button