
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। विद्या भारती मध्यभारत द्वारा 3 से 17 अगस्त तक खेल महोत्सव का आयोजन भारत भारती आवासीय विद्यालय, जामठी में किया जा रहा है। जिसमें भारत भारती सीबीएसई स्कूल में प्रथम दिन के उद्घाटन समारोह में नर्मदापुरम् के आईजी मिथलेश शुक्ला, विदर्भ प्रांत के संगठन मंत्री शैलेंद्र जोशी, मध्य भारत प्रांत के सह संगठन मंत्री अनिल अग्रवाल, राष्ट्रीय जनादेश के प्रधान संपादक मयंक भार्गव, नर्मदापुरम् विभाग के विभाग समन्वयक सौरभ उपाध्याय, भारत भारती सीबीएसई विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र परसाई, उप प्राचार्य आशुतोष चतुर्वेदी, समाज सेवी हरीओम शुक्ला, भारत भारती विद्यालय के खेल शिक्षक, साथी खिलाड़ी, भैया-बहन, आचार्य बंधु एवं दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए आईजी मिथलेश शुक्ला ने कहा कि खिलाड़ी कभी भी अपने आप को हारा हुआ नहीं माने, क्योंकि अगर कोई प्रथम आता है तो कोई द्वितीय और तृतीय भी आता है। इसीलिए खेल भावना को ध्यान में रखते हुए हार-जीत का तनाव नहीं लेना चाहिए। उन्होंने खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे भी 50 साल पहले उनकी तरह ही खेलते थे। श्री शुक्ला ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण अंग है और खेलों से तन-मन स्वस्थ रहता है।
उद्घाटन मेच भारत भारती एवं टेमनी गांव की टीम के बीच खेला गया, इससे पूर्व अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय लेकर उनका उत्साह वर्धन किया। मुख्य अतिथि आईजी श्री शुक्ला ने टॉस करवाकर खेल का शुभारंभ करवाया। उद्घाटन समारोह में भारत भारती एवं टेमनी गांव के फुटबॉल टीम के खिलाडिय़ों के बीच मैच खेला गया। 3 अगस्त से लेकर 17 अगस्त तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स सहित अन्य सभी खेलों का आयोजन किया जाएगा।



