मथुरा
चाय बनाते समय धमाके साथ फटा सिलिंडर, हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र की श्रीजी कुंज विहार कॉलोनी में सुबह चाय बनाते समय पांच लीटर का गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई कमरे में नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। सिलंडर फटने से कमरे में रखा सामान जलकर बर्बाद हो गया। महेश कुमार श्रीजी कुंज विहार कॉलोनी में रहते हैं। बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे के करीब वह चाय बनाने के लिए कमरे में गए थे। पांच लीटर के सिलिंडर पर लगे बर्नर को ऑन करने के बाद उन्होंने चाय बनने रख दी। इसके बाद वह बाहर निकल आए। उनके बाहर आते ही तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। लोग कमरे की तरफ पहुंचे तो देखा कि सिलिंडर फटा पड़ा है और कमरे में रखे कपड़े व अन्य सामान जल रहा है। लोगों ने दमकल को सूचना दी और आग पर किसी तरह काबू पाया। आग बुझाए जाने तक काफी समान जलकर खाक हो गया था। घटना के दौरान महेश की दोनों बेटियां भी घर में थीं, वह कुछ दिन पहले ही रक्षाबंधन पर गुजरात से आईं थीं। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कमरे में कोई नहीं था, नहीं तो हादसा बड़ा हो सकता था।



