बरेली
एक दिन की सांकेतिक सीडीओ बनी डिंपल मौर्य और तूबा खान

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। इन दिनों सरकार की तरफ से बेटियों के सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति फेज-5 अभियान चलाया जा रहा। जिसके तहत एक दिन के लिए स्कूल कॉलेज की छात्राओं को अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की कुर्सी संभालने का मौका दिया जा रहा है। बुधवार को विकास भवन में सर्वोदय जन कल्याण इंटर कॉलेज भमोरा में इंटरमीडिएट की छात्रा डिंपल मौर्य और तूबा खान ने संयुक्त रूप से सीडीओ का कामकाज संभाला। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने एक दिन के लिए उन्हें अपनी कुर्सी सौंपी ।
मुख्य विकास अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर डिंपल मौर्य ने कहा कि आज वह गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। इसके साथ की दोनों छात्राओं ने मुख्य विकास अधिकारी के दायित्वों को भी बारीकी से समझा । दोनों छात्राओं ने मुख्य विकास अधिकारी से आगे की पढ़ाई के बारे में भी विस्तार से जानकारी हासिल की। छात्राओं से बात करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि एक दिन के सांकेतिक अधिकारी बनाने का मकसद छात्राओं को प्रशासनिक विभागों के बारे में जानकारी मुहैया कराने के साथ-साथ उनके मन में भी इस भावना को जगाना है कि भविष्य में सशक्त बनकर छात्राएं लोगों की सेवा कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों पर भी ध्यान देने की बात कही। मुख्य विकास अधिकारी ने दोनों छात्राओं को विकास विभाग के अंतर्गत आने विभागों और विकास कार्यों के बारे में भी बताया।




