बरेली
जिलाधिकारी ने जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया भ्रमण

व्यापारियों और आमजन से की बातचीत, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने थाना किला, प्रेमनगर, बारादरी, कोतवाली कांकरटोला चौकी क्षेत्र और श्यामतगंज मार्केट में पैदल गस्त कर संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया और आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और सुचारू वातावरण मिले, जिसमें वे भयमुक्त होकर जीवन यापन कर सकें। इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव कदम उठा रहा है।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


