गाजियाबाद
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा
लोनी थाने के दो दरोगा सहित चार घायल, अभियुक्त को लेकर लौट रही पुलिस गाड़ी डिवाइडर से टकराई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 7 फरवरी की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोनी थाने में तैनात पुलिस टीम का वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे दो उपनिरीक्षक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अतुल कुमार और उपनिरीक्षक विपिन कुमार पुलिस बल के साथ बिहार के रोहतास बिहार जिले में दबिश देने गए थे। वहां से मुकदमा अपराध संख्या 480/2025 धारा 376, 323, 504, 506 आईपीसी के अभियुक्त विश्वकांत पुत्र लाल बिहारी निवासी देहड़ी, रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लोनी वापस लाया जा रहा था।
वापसी के दौरान 7 फरवरी की रात करीब 10 बजे थाना बल्दीराय क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनका वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सरसैया अयोध्या अस्पताल में भर्ती कराया।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष ने बताया कि दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं। अभियुक्त की सुरक्षा और देखरेख के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
घायलों के लोनी पहुंचने पर उपनिरीक्षक अतुल कुमार की हालत गंभीर देखते हुए पहले स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन सुधार न होने पर उन्हें गाजियाबाद के यशोदा नर्सिंग होम रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

