झिकरहटी पूर्वी पंचायत को आदर्श विकास मॉडल बनाने के प्रयास तेज, उपायुक्त ने PAI 2.0 की किया समीक्षा
Efforts are being intensified to make Jhikrahati East Panchayat an ideal development model, Deputy Commissioner reviews PAI 2.0

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार ने झिकरहटी पूर्वी पंचायत में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0 के तहत समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, बीपीओ, सेविका दीदियाँ तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने झिकरहटी पंचायत को आदर्श विकास मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के अंतर्गत दवा सेवन करने हेतु प्रेरित और जागरूक भी किया। स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष जोर उपायुक्त ने पंचायत के प्रत्येक परिवार की ‘बेसिक हेल्थ प्रोफाइलिंग’ कराने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं कुपोषण की पहचान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। “हेल्दी पंचायत” के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थिति में त्वरित सुधार सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बुनियादी ढांचे का होगा कायाकल्प
बैठक में पंचायत के भीतर बुनियादी सुविधाओं का व्यापक आकलन कराने का निर्देश दिया गया। जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, खेल मैदानों और सामुदायिक भवनों के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही पेयजल उपलब्धता और जल संरक्षण संरचनाओं को क्रियाशील बनाने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण
पंचायत को “स्वच्छ पंचायत” की श्रेणी में अग्रणी बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। घर-घर कचरा उठाव, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और हरित वातावरण को बढ़ावा देने हेतु वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जनवितरण प्रणाली (PDS), सामाजिक सुरक्षा योजनाओं (पेंशन आदि), महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा से संबंधित योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए। पंचायत की उपलब्धियों, नवाचारों और विकास कार्यों का दस्तावेजीकरण एवं वीडियो निर्माण भी कराया जाएगा।
समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश
बैठक में सभी विभागों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सौंपे गए कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि झिकरहटी पंचायत को हेल्दी, स्वच्छ और विकासशील बनाकर आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “सभी के सामूहिक प्रयास से पंचायत को आदर्श विकास मॉडल बनाया जाएगा। पंचायत की उपलब्धियों और नवाचारों को 24 अप्रैल को मनाए जाने वाले पंचायत दिवस पर आदर्श रूप में प्रस्तुत करना हमारा लक्ष्य है।”



