गोड्डा
नौवीं कक्षा के पंजीकरण में कुड़मालि विषय रखने का आदेश, छात्रों में खुशी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड अंतर्गत जनजाति उच्च विद्यालय, गांधीग्राम में नौवीं कक्षा के पंजीकरण के दौरान छात्रों को कुड़मालि विषय रखने का आदेश मिलने से छात्र – छात्राओं एवं अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। छात्रों ने कहा कि अब वे अपनी मातृभाषा कुड़मालि में पढ़ाई कर समाज में गर्व से आगे बढ़ेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा यह कहकर कुड़मालि विषय रखने से मना कर दिया गया था कि विद्यालय में कुड़मालि विषय का शिक्षक उपलब्ध नहीं है और नौवीं कक्षा के पंजीकरण से संबंधित कोई स्पष्ट सूचना भी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। इस दौरान कुछ छात्रों को डांट-फटकार कर विद्यालय से लौटा दिया गया, जिससे छात्रों एवं अभिभावकों में नाराजगी उत्पन्न हो गई। इसके बाद छात्रों, अभिभावकों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक से संवाद किया। अभिभावकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि कुड़मालि उनकी मातृभाषा है और बच्चे इसी भाषा में पढ़ाई कर सफलता प्राप्त करेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो समाज पूरी मजबूती से विद्यालय प्रशासन के साथ खड़ा रहेगा। कुछ देर की बातचीत एवं विचार-विमर्श के बाद प्रधानाध्यापक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए छात्रों को कुड़मालि विषय के साथ पंजीकरण कराने की अनुमति दी और कहा कि सभी छात्र-छात्राएं शाम तक अपना फॉर्म भर दें, ऑनलाइन पंजीकरण कर दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। मौके पर नौवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं में राहुल कुमार महतो, अमित कुमार महतो, सुबोध महतो, राजकुमार महतो, आभास कुमार महतो, अकलेश कुमार महतो, राजकिशोर महतो, आरती कुमारी, तन्नु कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी शामिल थे।
वहीं, अभिभावकों एवं समाज के नेतृत्वकर्ताओं में दिनेश कुमार महतो, जयप्रकाश महतो, अजय महतो, दीपक कुमार महतो, सोनू कुमार महतो, प्रेमलता महतो, दयालता महतो, बबीता महतो सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।


