10 से 26 जनवरी तक चलेगा संस्कृति उत्सव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण के लिए संस्कृति विभाग द्वारा “उत्तर प्रदेश पर्व – हमारी संस्कृति, हमारी पहचान” के अंतर्गत संस्कृति उत्सव 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव 10 जनवरी 2026 से 26 जनवरी 2026 तक विभिन्न चरणों में अमेठी में आयोजित होगा।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि उत्सव में लोक गायन, वादन और नृत्य विधाओं से जुड़े कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। 10 से 15 जनवरी तक ग्राम पंचायत, विकास खंड और तहसील स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें चयनित कलाकार जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
17 से 19 जनवरी तक मण्डलीय मुख्यालय पर जनपद स्तर से चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता होगी। 22 जनवरी को लखनऊ में मण्डल स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता होगी। उत्सव का समापन 26 जनवरी को होगा।


