
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरगांव में नहर से मिले अज्ञात युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी संतोष ठाकरे निवासी ग्राम सरंडी, वारासिवनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 05 अगस्त को डोंगरगांव में पुलिया के पास नहर में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। मृतिका के गले पर धारदार वस्तु से वार कर हत्या किए जाने के निशान मिले थे। सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर जांच शुरू की। सोशल मीडिया एवं स्थानीय स्रोतों के माध्यम से मृतिका की पहचान विनती उर्फ खुशबू डहरवाल (23 वर्ष), निवासी ग्राम खमरिया के रूप में हुई। वह वर्तमान में नागपुर में रह रही थी। जांच के दौरान मृतिका के चचेरे भाई ने संतोष ठाकरे पर संदेह जताया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो उसके ग्राम सांवगी में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस ने सांवगी में दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की ओर भागने लगा। पीछा करने के दौरान गिरने से उसके बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी घटना का खुलासा हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। आरोपी द्वारा दूसरी महिला से विवाह कर लेने के बाद मृतिका ने उसके विरुद्ध महिला थाना, जिला सिवनी में दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया था। आरोपी मृतिका पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की योजना बनाई। आरोपी के अनुसार, वह 31 जुलाई को मृतिका को नागपुर से अपने साथ लेकर निकला और उसे नागपुर, इटारसी तथा छिंदवाड़ा में अपने साथ रखा। इसके बाद 04 अगस्त को कार में ही ब्लेड से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को कायदी के पास नहर में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी ने कार को गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने मामले में घटना में प्रयुक्त मारुति डिजायर कार, आरोपी के रक्तरंजित कपड़े, मृतिका के कपड़े, बैग एवं हत्या में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




