अलवर

जिला कलक्टर ने ली जिला निष्पादन समिति एवं मिड-डे मील योजना की समीक्षा बैठक

विशेष अभियान प्रारंभ कर कक्षा 10 वीं एवं 12 के विद्यार्थियों का लर्निंग आउटकम बढाने एवं प्रोजेक्ट ई-विद्या के तहत डिजिटल शिक्षा को बढाने एवं न्यूट्रिशन गार्डन विकसित कराने के दिए निर्देश 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति एवं मिड-डे मील योजना की समीक्षा बैठक लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया विद्यार्थियों के ओर अधिक शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए उनका वर्गीकरण कर विशेष फोकस करते हुए लर्निंग आउटकम बढ़ाने के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रयास करें। उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि 10वीं बोर्ड में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर अगले वर्ष इसे दोगुना करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने निर्देश दिए 12वीं कक्षा के विद्यार्थी विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं जैसे नीट, आईआईटी, एवं क्लैट इत्यादि में सफलता प्राप्त करें, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाए। उन्होंने विभिन्न शैक्षिक मापदंडों में राज्य स्तरीय रैंकिंग में जिले का जून माह में पांचवा स्थान आने पर सराहना करते हुए अनवरत उत्तरोत्तर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बूंद बूंद जल के संरक्षण हेतु समस्त विद्यालयों में क्रियाशील रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कंपनियों, संस्थाओं एवं भामाशाहों द्वारा विद्यालय में करवाए जा रहे रिनोवेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें गुणवत्तायुक्त पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि खेल मैदान विहीन ग्राम पंचायत का चिन्हिकरण कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें एवं अतिक्रमण वाले खेल मैदाने को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाई करें। उन्होंने निर्देश दिए कि हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के तहत लक्ष्यनुसार पौधारोपण करावें।
प्रोजेक्ट ई-विद्या अभियान के तहत डिजिटल शिक्षा को दें बढ़ावा
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि प्रोजेक्ट ई-विद्या के तहत जिले में पीईईओ स्तर के 202 क्रियाशील ई-लाइब्रेरी एवं 13 प्रगतिरत ई-लाइब्रेरी वाले विद्यालयों के अतिरिक्त शेष में यथाशीघ्र लाइब्रेरी की स्थापना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों की सहभागिता से प्रत्येक ब्लॉक में 10-10 ब्लॉग का क्रिएशन कर बच्चों से रचनात्मक लेखन करवाएं। उन्होंने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में अभी तक किए गए प्रयासों जिसमें 95 ब्लॉग का क्रिएशन एवं पांच ई-मैगजीन (प्रेरणा, ज्ञानपथ, विद्या विथिका इत्यादि) के कार्य को सराहा तथा सीबीईओ की विशेष निगरानी में प्रत्येक ब्लॉक में दिव्यांग विद्यार्थियों को आईटी टूल्स के उपयोग से अवगत कराने हेतु गुणवत्तापूर्ण आईसीटी प्रशिक्षण दिलवाने के निर्देश दिए।
मिड-डे मील योजना की समीक्षा की
जिला कलक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्ता युक्त खाना उपलब्ध हो इसके लिए प्रत्येक माह की 7 तारीख तक खाद्य सामग्री की आपूर्ति, कुक कम हेल्पर का समयबद्ध भुगतान तथा खाद्य सामग्री का उचित रखरखाव सुनिश्चित करावें।
उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को और अधिक पोषण युक्त खाद्य सामग्री हेतु विद्यालयों में न्यूट्रिशन गार्डन विकसित करावें, जिसके लिए प्रत्येक सीबीईओ को लक्ष्य प्रदान कर प्रगति अर्जित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी  महेश कुमार गुप्ता, एडीपीसी  मनोज शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक  महेश मेहता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक  देवेंद्र सिंह सहित समस्त सीबीईओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button