फूलोपानी में स्टेडियम निर्माण की पहल, युवाओं को मिलेगा खेल का नया मंच
Initiative to build stadium in Phulopani, youth will get a new platform for sports

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड के बड़ा सिंहपुर पंचायत अंतर्गत फूलोपानी गांव में स्टेडियम निर्माण की पहल ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह और खुशी का माहौल पैदा कर दिया है। यह पहल स्थानीय विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी के प्रयास और अनुशंसा से संभव हो पाई है, जिसे ग्रामीणों द्वारा एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। ग्राम प्रधान जमीन हेमब्रम की अध्यक्षता में आयोजित ग्रामसभा में इस प्रस्ताव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला संगठन सचिव मुनीराम मरांडी, मुखिया कालेश्वर हेमब्रम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों का मानना है कि स्टेडियम निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधा, प्रशिक्षण और अवसर मिलेंगे, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगे। इस पहल को युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और एकता को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में यह स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और इलाके का नाम रोशन करेगा।



