भरत पुर

जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने डीग में पदभार किया ग्रहण

जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

भरतपुर। डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को डीग जिले के जिलाधिकारी का पदभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया है। पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने आराध्य देव के प्रति अपनी अगाध आस्था प्रकट करते हुए मुकुट मुखारविंद का अभिषेक किया तथा श्रीनाथजी के दर्शन किए। इसके पश्चात उन्होंने पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ गिरिराज जी की परिक्रमा की एवं दानघाटी के दर्शन किए। गिरिराज महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के उपरांत ही उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना प्रशासनिक कार्यभार संभाला।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात नवनियुक्त जिला कलेक्टर ने जिले के सभी प्रमुख प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक की। इस बैठक में उन्होंने जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अपने दृष्टिकोण और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। प्रेस को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप सभी विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य रहेगा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं और स्पष्ट किया है कि आमजन की समस्याओं और परिवादों को अत्यंत गंभीरतापूर्वक सुना जाए तथा उनका संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए।जिला कलेक्टर ने प्रशासनिक जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि वे स्वयं निरंतर फील्ड में सक्रिय रहेंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी फ्लैगशिप एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक निर्बाध रूप से पहुंच सके। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। चाहे वह जनसुनवाई का कार्यक्रम हो या विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाले प्रशासनिक शिविर, प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और तत्परता के साथ निर्वहन करना होगा, ताकि आमजन को सुशासन का सीधा लाभ मिल सके। इस दौरान पुलिस के गार्ड द्वारा जिला कलेक्टर निवास पर उन्हें सलामी भी दी गई।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले में एलपीजी सिलेंडर की अद्यतन स्थिति की गहन समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को बजट घोषणाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने तथा राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप व महत्वाकांक्षी योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button