गोड्डा
पढ़ेगा गांव, बढ़ेगा समाज.. अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। महगामा प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “पढ़ेगा गांव, बढ़ेगा समाज” अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इस अभियान का संचालन नदीम सरवर के नेतृत्व में तथा एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मुन्ना राजा की अगुवाई में किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न गांवों में जाकर बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान टीम द्वारा गांव-गांव, गली-गली जाकर लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि शिक्षा ही समाज के विकास की कुंजी है। बच्चों को स्कूल से जोड़ने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः पढ़ाई की ओर लाने तथा अभिभावकों को अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति जिम्मेदार बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मुन्ना राजा ने बताया कि आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी है, जिसके कारण बच्चे पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। इसे देखते हुए यह पहल शुरू की गई है, ताकि हर बच्चा शिक्षा से जुड़ सके और अपने भविष्य को बेहतर बना सके। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री के महत्व को भी समझाया गया तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। युवाओं का यह प्रयास न केवल शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि एक सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।



