ललितपुर

पनारी विद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

सीडीओ ने मेधावियों को किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। विकास खण्ड जखौरा के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय (यूपीएस) पनारी में स्कूल चलो अभियान के तहत वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सीडीओ शेषनाथ चौहान एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेंदु अर्जरिया उपस्थित रहे। शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कक्षा 6 से 8 तक के वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट एवं डिक्शनरी जैसे उपयोगी उपहार प्रदान किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सीडीओ ने विद्यालय में चल रहे नवाचारों की सराहना करते हुए विद्या वाहिनी एवं अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं के सहयोग से बच्चों में रटने की प्रवृत्ति कम होकर प्रयोगात्मक शिक्षा और जिज्ञासा का विकास हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का रुझान विज्ञान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सरकारी विद्यालयों की बदलती व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि आज सरकारी स्कूलों में प्रशिक्षित शिक्षक, निशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म एवं मिड-डे मील जैसी सुविधाओं के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वह अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं और शिक्षा को सर्वोत्तम निवेश मानें। खण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेंदु अर्जरिया ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सफलता के लिए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास, अनुशासन एवं नई तकनीकों को सीखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छात्र शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी आत्मसात कर रहे हैं। अंत में प्रधानाध्यापिका सीमा जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय को भविष्य में एक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। समारोह में विद्यालय स्टाफ, विद्या वाहिनी के प्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button