
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा रहरा : आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को विकास खंड गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में शिक्षकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा स्कूल चलो अभियान के तहत नवीन नामांकन हेतु सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया।इस दौरान विद्यालय के स्टाफ ने गांव की गलियों और घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित किया। शिक्षकों ने विशेष रूप से 6 से 14 वर्ष की आयु वर्ग के उन बच्चों को चिन्हित किया, जिनका अभी तक किसी विद्यालय में नामांकन नहीं हुआ है। अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं, जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ गंगेश्वरी के ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान अप्रैल माह में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत नवीन नामांकन की प्रक्रिया पूरी गति के साथ चल रही है। उन्होंने अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी अभिभावक अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं। बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा के प्रति अत्यंत गंभीर है।
जनसंपर्क के इस अवसर पर वरिष्ठ संकुल शिक्षक संजय सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह, सहायक अध्यापक अमित कुमार, मदनपाल,अजय सागर, मनीष कुमार, रेनू कंसल, राशिद अली और संतराम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



