अभाविप ने डॉ. अंबेडकर को किया नमन, “हर कार्यकर्ता उनके आदर्शों को करेगा आत्मसात”
ABVP pays homage to Dr. Ambedkar, “Every worker will imbibe his ideals”

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पाकुड़ नगर इकाई द्वारा मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर सह मंत्री दीपक दास ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। विद्यार्थी परिषद इसी ध्येय को अपनाकर छात्र हित और राष्ट्र हित में कार्य कर रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. अंबेडकर का योगदान केवल संविधान निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। वहीं जिला जनजातीय प्रमुख चांदन पहाड़िया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और छुआछूत के खिलाफ जो जागरूकता फैलाई, उसे और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय और पिछड़े वर्गों के उत्थान में शिक्षा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। इस मौके पर प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय, जिला संयोजक सुमित पांडे, राजेश मंडल, आयुष कुमार, विशाल भगत, राहुल कुमार, प्रदीप मिश्रा सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



