जालौन
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन उरई का किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। मंगलवार को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी द्वारा पुलिस लाइन उरई का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण अत्यंत व्यवस्थित एवं गहन रूप से किया गया जिसमें पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों की कार्यप्रणाली का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान कैश कार्यालय, गणना कार्यालय, गैस गोदाम, शस्त्रागार सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का क्रमवार निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों की स्थिति आवश्यक सामग्री की उपलब्धता रख-रखाव की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शाखा के प्रभारी से संवाद कर कार्य-संस्कृति और जिम्मेदारी के निर्वहन की समीक्षा की तथा आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त तकनीकी इकाइयों जैसे फील्ड यूनिट, रेडियो शाखा, परिवहन शाखा एवं जिला नियंत्रण कक्ष का भी विशेष निरीक्षण किया गया। इन इकाइयों में संचार प्रणाली की कार्यशीलता, उपकरणों की गुणवत्ता वाहनों की स्थिति एवं तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। साथ ही स्टाफ की तैनाती एवं उनकी कार्यक्षमता का भी आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां पाई गईं वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जाए। डॉ. ईशान सोनी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कार्य में पारदर्शिता, उच्च अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की प्राथमिकता जनसेवा है और प्रत्येक कर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करना चाहिए। यह अर्द्धवार्षिक निरीक्षण पुलिस लाइन उरई की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है जिससे भविष्य में पुलिस कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार एवं पारदर्शिता देखने को मिलेगी।



