दावोस और यूके यात्रा के बाद निवेश व औद्योगिक विकास की समीक्षा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिए तेज क्रियान्वयन के निर्देश
After the Davos and UK visits, Chief Minister Hemant Soren reviewed investment and industrial development; directed officials for speedy implementation.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में World Economic Forum, दावोस तथा United Kingdom की सफल यात्रा के बाद राज्य में निवेश से जुड़े अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दावोस में हस्ताक्षरित एमओयू (MoU) पर विशेष फोकस करते हुए औद्योगिक विकास के साथ-साथ टेक्सटाइल, उच्च शिक्षा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, क्रिटिकल मिनरल्स और पर्यटन क्षेत्रों में निवेश को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों को शीघ्र धरातल पर उतारते हुए समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में टेक्सटाइल पॉलिसी पर विशेष चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वस्त्र उद्योग रोजगार सृजन, खासकर महिलाओं के लिए, अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने इस दिशा में प्रभावी नीति बनाकर राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में आयोजित वैश्विक मंच पर झारखंड ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है और यह संदेश दिया है कि राज्य निवेश के लिए अनुकूल एवं संभावनाओं से भरपूर है। उन्होंने बताया कि कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सकारात्मक वार्ता हुई है, जिससे भविष्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्रिटिकल मिनरल्स के शोध, उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने तथा यूनाइटेड किंगडम के संस्थानों के साथ साझेदारी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए जियो-टैगिंग कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ईवी कंपोनेंट्स और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए सरल और आकर्षक नीतियां बनाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव राहुल पुरवार, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, आईटी सचिव पूजा सिंघल, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



