पाकुड़ जिले के मुखिया बिकास गोंड एवं पंचायत सचिव हुए सम्मानित, सुदूर गांवों तक पहुंच रही सरकार की योजनाएं- हेमन्त सोरेन
Pakur district headman Vikas Gond and Panchayat Secretary honored, government schemes reaching remote villages: Hemant Soren

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
सीएम हेमन्त सोरेन ने रांची स्थित टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026 के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय समारोह को सम्बोधन के दौरान कहा है कि अब सरकार की नज़र, आवाज़ और योजनाएं सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक भी प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद तथा ग्राम सभा को बेहतर कार्यों के लिए प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें गांवों में हैं और यदि गांव मजबूत होंगे तो राज्य और देश स्वतः सशक्त होंगे। गांवों की अनदेखी कर विकास की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले शिकायतें मिलती थीं कि सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पातीं, लेकिन अब स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझें और योजनाओं को ईमानदारी व समर्पण के साथ लागू करें, ताकि जनता का विश्वास बना रहे। कार्यक्रम में पाकुड़ जिले के शहकोल पंचायत के सचिव एवं मुखिया बिकास गोंड को भी मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि जिले में विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से Jharkhand के गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेंगे और हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।



