बरेली
जनता की आवाज बनकर बिजली विभाग पहुंचे सपा नेता मयंक शुक्ला
प्रीपेड मीटर की 'लूट' के खिलाफ कड़ा रुख

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : आज रामपुर गार्डन स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय पर स्मार्ट मीटर की खराबी और मनमाने बिलों से परेशान सैकड़ों लोग समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता मयंक शुक्ला के नेतृत्व में एकजुट हुए। मयंक शुक्ला ने विभाग के संबंधित अधिकारी अंकित गंगवार से मुलाकात कर सभी पीड़ितों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
आज दोपहर, बिजली विभाग से त्रस्त बड़ी संख्या में लोगों ने मयंक शुक्ला से संपर्क किया, जिसके बाद वे स्वयं रामपुर गार्डन स्थित कार्यालय पहुंचे। वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। पीड़ितों की प्रमुख शिकायतों में महीने में दो से तीन बार बिल आना और पुराने बिलों के मुकाबले कई गुना अधिक बिल आना शामिल था। जनसमूह ने स्पष्ट रूप से पुराने मीटर वापस लाने की मांग की और कहा कि प्रीपेड मीटर आम जनता की जेब पर सीधा डाका है। अधिकारियों ने यह कहकर अपना पल्ला झाड़ने का प्रयास किया कि प्रीपेड मीटर वापस नहीं हो सकते क्योंकि पुराने मीटरों का उत्पादन बंद हो चुका है। इस पर मयंक शुक्ला ने कहा जनहित में इन मीटरों को वापस लेना अत्यंत आवश्यक है।
इससे पूर्व, मयंक शुक्ला ने जमीन पर बैठकर आम जनता की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और इसके बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




