पाकुड़ प्रखण्ड में 20 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू, ग्रामीणों में उत्साह
Road construction work, pending for 20 years, begins in Pakur block, villagers excited

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ प्रखंड के बहुचर्चित सड़क निर्माण का मामला, जो पिछले लगभग 20 वर्षों से लंबित था, अब साकार होता नजर आ रहा है। भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण यह परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी। ग्रामीण लगातार पूर्व मंत्री आलमगीर आलम से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। हाल ही में विधायक निशात आलम और झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम की पहल से, ग्रामीणों के सहयोग और समर्थन के साथ इस कार्य की शुरुआत संभव हो पाई है। ग्रामीणों ने आपसी समन्वय स्थापित करते हुए भूमि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, जिसके बाद सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया। जैसे ही सहमति बनी, ग्रामीणों ने स्वयं आगे बढ़कर जेसीबी मशीन के माध्यम से सड़क की रूपरेखा तैयार करने का कार्य शुरू किया। वर्तमान में मिट्टी कटाई और भराई का कार्य तेजी से जारी है। बताया जा रहा है कि आगे चलकर इस सड़क का निर्माण संबंधित विभाग द्वारा कराया जायेगा। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग कुसमा नगर, तारानगर, नीलामी, नवादा, शाहपुर, रहसपुर, इसकपुर, संग्रामपुर, विक्रमपुर, मनीरामपुर, जयपुर सहित कई गांवों को जोड़ते हुए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बनेगा। विशेष रूप से बंगाल जाने के लिए यह एक बेहतर और सुगम रास्ता साबित हो सकता है। सड़क निर्माण की दिशा में वस्तु स्थिति का जायजा लेने के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, कोषाध्यक्ष असद हुसैन, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, ताहिर खान, अजीजुल हक, अब्दुल अजीज, मुस्लेहुद्दीन शेख अन्य सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर उपस्थित रहे। सभी ने इस कार्य में सहयोग देने वाले ग्रामीणों की सराहना की और आगे भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों का मानना है कि इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और आर्थिक तथा सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।



