जालौन
ग्राम मदारीपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था से ग्रामीण बेहाल, सीसी मार्ग पर बह रहा गंदा पानी
एक मोहल्ले में जलभराव से हालात बदतर, दलदल बने रास्तों से निकलना हुआ मुश्किल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। ग्राम मदारीपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था के चलते ग्रामीणों का जीवन मुश्किलों से घिर गया है। गांव की नालियां और नाला वर्षों से साफ न होने के कारण गलियों में गंदा पानी भर गया है और रास्ते दलदल में तब्दील हो चुके हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गांव के एक मोहल्ले में देखने को मिल रही है, जहां सीसी मार्ग पर लगातार पानी बह रहा है। इससे लोगों का घरों से निकलना और आने-जाने तक दूभर हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले में जलनिकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। सीसी सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। बारिश होने पर हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में करीब पांच से छह वर्ष पहले नाला निर्माण कराया गया था, लेकिन तब से आज तक उसकी नियमित सफाई नहीं कराई गई। नालियां चोक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और पूरे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है।
ग्रामीण जानकी प्रसाद, तोल मोहम्मद, रामकुमार वर्मा, पंकज और मुनेश सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत बेहद खराब है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में तत्काल सफाई अभियान चलाकर नालियों और नाले की सफाई कराई जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


