हेमन्त सोरेन से CII झारखंड प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट, औद्योगिक विकास पर हुई चर्चा
CII Jharkhand delegation pays courtesy call to Hemant Soren, discusses industrial development

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) झारखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में CII झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष श्री दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदर रमन, CII ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति तथा CII झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं CII प्रतिनिधियों के बीच राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाओं एवं औद्योगिक नीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच 2026 में झारखंड सरकार की भागीदारी, यूनाइटेड किंगडम की सफल यात्रा तथा राज्य को मिले मजबूत निवेश प्रस्तावों के लिए मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि दावोस में आयोजित वैश्विक आर्थिक मंच के माध्यम से राज्य सरकार ने पूरे विश्व को यह संदेश दिया है कि झारखंड असीम संभावनाओं वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि झारखंड निवेश के लिए एक अनुकूल गंतव्य है और राज्य सरकार औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रही है। CII प्रतिनिधियों ने झारखंड को एक उभरता हुआ निवेश गंतव्य बनाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीति पर भी विस्तृत चर्चा की और औद्योगिक विकास में सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की इच्छा जताई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि वे नीति निर्माण प्रक्रिया में नॉलेज और इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।



