जालौन
हरीगंज चैराहे पर बढ़ता अतिक्रमण बना मुसीबत, रोजाना जाम से जूझ रहे राहगीर
फुटपाथ पर दुकानें, सड़क पर वाहन और कूड़े का ढेर कृ कालपी का प्रमुख मार्ग अव्यवस्थाओं की चपेट में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। नगर के व्यस्ततम हरीगंज चैराहे से दुर्गा मंदिर एवं जुलहटी मार्ग की ओर जाने वाला मार्ग इन दिनों अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बढ़ते अस्थायी कब्जों, अव्यवस्थित वाहन पार्किंग और कूड़ा फैलाव के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग नगर का महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों के साथ प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों के वाहन भी गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क के दोनों ओर सब्जी एवं फल विक्रेताओं द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर स्थायी निर्माण और फुटपाथ तक फैली दुकानों के कारण सड़क संकरी होती जा रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सुबह के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब स्कूल जाने वाले बच्चों, दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा की भीड़ के चलते जाम लग जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार स्कूली बच्चे और राहगीर दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचते हैं। क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि मार्ग किनारे स्थित कूड़ा संग्रह स्थल के आसपास सफाई के बाद भी सब्जियों और फलों का खराब अवशेष फेंक दिया जाता है, जिससे वहां आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। दुर्गा मंदिर चैराहे के आसपास अव्यवस्थित रूप से खड़े ऑटो और अन्य वाहन भी समस्या को बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में व्यवस्थित स्टैंड की कमी के कारण सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों का उपयोग पार्किंग के रूप में किया जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि हरीगंज चैराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।



