सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया 7 सड़क योजनाओं का शिलान्यास, PM-JANMAN योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी संपर्क सुविधा, विकास को मिलेगी गति
MP Vijay Kumar Hansda and MLA Prof. Stephen Marandi laid the foundation stone for seven road projects. The PM-JANMAN scheme will enhance connectivity in rural areas and accelerate development.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा एवं महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PM-JANMAN) के अंतर्गत बनने वाली 7 सड़क निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर योजनाओं की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर सांसद एवं विधायक का झामुमो कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंच आसान होगी तथा स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क और नई सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ग्रामीण विकास के लिए कार्य कर रही है और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सांसद, विधायक एवं झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल एवं बिजली से संबंधित समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिस पर समाधान का आश्वासन दिया गया। सड़क निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।



