गाजियाबाद

लोनी में अवैध कब्जों पर प्रशासन सख्त

भूमाफियाओं के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने तहसील में अधिकारियों संग की बैठक, अवैध निर्माणों पर जल्द चलेगा बुलडोजर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और सरकारी जमीनों पर कब्जों के खिलाफ प्रशासन अब बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है। सोमवार को लोनी तहसील में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर में बढ़ते अवैध निर्माण, भूमाफियाओं की गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा की। बैठक के बाद संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
शहर के विकास और अवैध कब्जों पर हुई समीक्षा बैठक
एसडीएम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जीडीए, नगर पालिका, एनएचएआई और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान शहर के सुंदरीकरण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित क्षेत्रों में जल्द प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
देहरादून एक्सप्रेसवे सर्विस लेन से हटेंगे कब्जे
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के गढ़ी कटैया कट से पुस्ता चौकी तक सर्विस लेन पर कई प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
जलभराव की समस्या पर भी दिए निर्देश
बैठक में पावी क्षेत्र में देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे जलभराव की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने एनएचएआई अधिकारियों को तत्काल समाधान करते हुए सीसी रोड निर्माण कराने के निर्देश दिए। एनएचएआई अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही जलनिकासी और सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
प्रतिबंधित और सरकारी भूमि पर निर्माणों की होगी जांच
बैठक में राधा स्वामी सत्संग व्यास के निकट सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित भूमि पर अवैध निर्माण का मुद्दा भी सामने आया। इसके अलावा इलाइचीपुर संपर्क क्षेत्र में शत्रु संपत्ति पर कब्जों की शिकायतों पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।
अवैध कॉलोनियों से प्रभावित हो रहा नियोजित विकास
विधायक ने कहा कि बिना मानकों के विकसित हो रही अवैध कॉलोनियां शहर के नियोजित विकास को प्रभावित कर रही हैं। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है और भविष्य में बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
भूमाफिया एक्ट के तहत दर्ज होंगे मुकदमे
प्रेस वार्ता में विधायक ने स्पष्ट किया कि लोगों को भ्रमित कर अवैध प्लॉटिंग करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ भूमाफिया एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय टीमें गठित कर दी गई हैं जो अवैध निर्माणों और कब्जों को चिन्हित करेंगी।
अधिकारियों ने समन्वित कार्रवाई का दिया भरोसा
बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाने और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया। प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से लोनी क्षेत्र में जाम, गंदगी और अव्यवस्थित विकास जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button