कैराना
ट्रेन से सरकारी सामान चोरी के मामले में हरियाणा जीआरपी की कैराना में दबिश
मंडावर गांव में पति-पत्नी की तलाश में पहुंची पुलिस, आरोपी नहीं मिले
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। ट्रेन से सरकारी सामान चोरी करने के मामले में हरियाणा की जीआरपी पुलिस ने कैराना क्षेत्र के गांव मंडावर में दबिश दी। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर की गई कार्रवाई के दौरान नामजद पति-पत्नी अपने घर पर नहीं मिले, जिसके बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, थाना जीआरपी फरीदाबाद (हरियाणा) में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 11/25 में नामजद आरोपियों की तलाश में उप निरीक्षक चंद्रपाल और उप निरीक्षक तुलसीराम बुधवार देर शाम कैराना कोतवाली पहुंचे। यहां आमद दर्ज कराने के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव मंडावर में दबिश दी। बताया गया कि आरोपियों पर ट्रेन से सरकारी सामान चोरी करने का आरोप है। मामले में इस्लाम पुत्र रफीक व मोदी पत्नी इस्लाम निवासी ग्राम मंडावर को नामजद किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन दोनों आरोपी मौके पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

