जालौन
बसपा प्रत्याशी के गनर की रिवाल्वर हुई थी चोरी, आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। थाना माधौगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी हुए लाइसेंसी रिवॉल्वर को चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अदद .32 बोर का कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 25 मई 2026 को थाना माधौगढ़ विधानसभा के बसपा प्रत्याशी आशीष पांडेय के प्राइवेट गनर जयवीर सिंह कुशवाहा ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना माधौगढ़ पर मुकदमा अपराध संख्या 56/2026 धारा 305(क) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। रिवाल्वर को पुलिस पहले ही घर के पीछे झाड़ियों में से बरामद कर चुकी है। लेकिन आरोपी का पता नहीं चल पाया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुरारी द्विवेदी पुत्र शम्भू द्विवेदी, निवासी ग्राम सिहारी, थाना माधौगढ़, जनपद जालौन तथा वर्तमान निवासी विनय नगर सेक्टर-3, थाना बहोड़ापुर, जिला ग्वालियर (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वादी के यहां घरेलू नौकर के रूप में कार्य करता था और इसी दौरान उसने रिवॉल्वर चोरी करने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रिवॉल्वर को वादी के घर से चोरी कर छिपा दिया था। घटना के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। रिवाल्वर पहले ही बरामद हो चुकी थी, सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक कारतूस बरामद भी किया गया है। जिसके प्रयोग के लिए ही उसने रिवाल्वर को चुराया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकद्दमें दर्ज है।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई थाना माधौगढ़ प्रभारी निरीक्षक अभिलाष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी।


