पाकुड़िया के बनियापसार में फुटबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
Football and wrestling competitions organized at Baniyapasar in Pakuria; winners felicitated.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के बनियापसार गांव स्थित पगला स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में फुटबॉल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया, जबकि कुश्ती प्रतियोगिता में 16 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता के लिए 20 हजार रुपये तथा उपविजेता के लिए 15 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया था। वहीं कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एफ.सी. चांदू बुंगा, बासेटकुंडी और इंटो स्टार बिसुनपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बासेटकुंडी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। कुश्ती प्रतियोगिता में कृष्णा यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोसे टुडू द्वितीय स्थान पर रहे। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया सालोमी हांसदा, क्लब अध्यक्ष ऋषि मरांडी, सचिव महेश मरांडी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को ग्रामीण प्रतिभाओं के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।



