गूगल मैप के भरोसे निकला परिवार, गलत रास्ते ने पहुंचाया नाले में…
2 घंटे तक कार में फंसे रहे चार लोग, रेस्क्यू कर बचाई गई जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी )- यूपी के जनपद हापुड़ में गूगल मैप के भरोसे देर रात सफर कर रहा एक परिवार उस वक्त मुसीबत में फंस गया, जब मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए उनकी कार पानी से भरे नाले में जा फंसी। कार में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे, जो करीब दो घंटे तक मदद का इंतजार करते रहे। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में प्रीत विहार कॉलोनी स्थित रेलवे पुल के पास गंदे नाले की है ।
बताया जा रहा है कि देर रात एक परिवार गौतमबुद्धनगर के दादरी से मेरठ के किठौर जा रहा था और रास्ते के लिए गूगल मैप का सहारा लिया था। इसी दौरान वे हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र में प्रीत विहार कॉलोनी के रेलवे लाइन के नीचे बने नाले पर गलत मार्ग पर पहुंच गए और कार पानी से भरे नाले में उतर गई । गनीमत रही कि सूचना मिलते ही समय रहते रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल सभी पीड़ित सहित कार को भी नाले से बाहर निकालने की कार्यवाही रेस्क्यू टीम ने कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया ।




