
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर परिषद भिवाड़ी में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के माध्यम से पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर परिषद भिवाड़ी निवासी निर्भय ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने के लिए आवेदन किया। आवेदन के उपरांत उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर में उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं प्रशासक तथा आयुक्त के निर्देशन में निर्भय के आवेदन का त्वरित निस्तारण करते हुए उन्हें पीएम स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर चेक प्रदान किया गया। एक ही दिन में कम समय में ऋण स्वीकृत होने पर लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त की।
निर्भय ने बताया कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार भविष्य में भी इसी प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करती रहेगी।
शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं तथा सुशासन की अवधारणा को मजबूती मिल रही है।



