मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्योगपति अनुज जैन को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक भव्य औद्योगिक एवं विकास कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों एवं औद्योगिक प्रगति से जुड़े अवसर पर उद्योगपति अनुज जैन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया गया।
उद्योगपति अनुज जैन सन पॉलीबैग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक होने के साथ-साथ एमजीआर इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य भी हैं। उन्हें प्राप्त यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र एवं उद्यमी समाज के लिए गर्व का विषय है।
एमजीआर इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं समस्त सदस्यों ने श्री अनुज जैन को इस गौरवपूर्ण सम्मान पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनके जैसे उद्यमियों की उपलब्धियाँ क्षेत्र के अन्य उद्योगपतियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं। एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री अनुज जैन भविष्य में भी उद्योग, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे तथा अपनी कार्यकुशलता से क्षेत्र का नाम निरंतर रोशन करेंगे।


