ललितपुर
व्यापारी कल्याण दिवस पर जिले के 10 बड़े करदाताओं का हुआ सम्मान
जीएसटी पंजीकरण पर 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा सहित योजनाओं की दी गई जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। अध्यक्षता सीडीओ शेषनाथ चौहान ने की, जबकि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, एमएलसी प्रतिनिधि केदार प्रसाद तिवारी तथा राज्य मंत्री प्रतिनिधि सुरेश पंथ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग द्वारा किया गया, जिसमें जनपद के 10 प्रमुख करदाताओं एवं वरिष्ठ व्यापारी रामप्रकाश जैन को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने व्यापारियों को सम्मानित करते हुए उनके द्वारा कर भुगतान के माध्यम से राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में दिए जा रहे योगदान की सराहना की। इस दौरान उपायुक्त राज्य कर हीरालाल जायसवाल ने व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण के लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों को शासन की ओर से 10 लाख रुपये तक की नि:शुल्क दुर्घटना बीमा योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता है। विभागीय अधिकारियों ने जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया, नवीन जीएसटी रिटर्न प्रणाली तथा कर संबंधी अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में जिन प्रमुख करदाताओं को सम्मानित किया गया उनमें ललितपुर पावर जनरेशन कंपनी, श्रीवास्तव ऑटोमोबाइल, अमित कुमार-अंकित कुमार, न्यू अभिलाषा एजेंसी, संजय ऑटोमोबाइल्स, यश इंटरप्राइजेज (मड़ावरा), सीमेंट हाउस, मुकेश बंसल एंड कंपनी, मोदी एंड संस तथा गोस्वामी ट्रेडर्स (जाखलौन) शामिल रहे। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आशीष शर्मा, रामकुमार यादव, राज्य कर अधिकारी तेजप्रताप सिंह, अजय कुमार, अनुज कुमार, भानूप्रताप सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। व्यापारी मंडल की ओर से महेंद्र जैन मयूर, कमलेश सर्राफ, सुरेश बढ़ेरा, अनिल जैन, शैलेंद्र जैन एड., विकास ओसवाल (सीए) समेत बड़ी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

