जालौन
सुबह-सुबह परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन नियम तोड़ने वाले दो स्कूली वाहन सीज
बच्चों को सरकारी गाड़ी से स्कूल पहुंचाकर एआरटीओ ने पेश की मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। बुधवार सुबह जालौन नगर में परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर लापरवाही बरतने वाले वाहन संचालकों को स्पष्ट संदेश दे दिया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। एआरटीओ राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो स्कूली वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, आवश्यक दस्तावेजों तथा सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों वाहनों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर सीज कर दिया गया। हालांकि इस पूरी कार्रवाई के बीच सबसे सराहनीय पहल तब देखने को मिली, जब एआरटीओ राजेश कुमार वर्मा ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने स्कूली बच्चों को अपनी सरकारी गाड़ी से सुरक्षित उनके विद्यालय पहुंचवाया। विभाग की इस संवेदनशील कार्यशैली की लोगों ने जमकर सराहना की। परिवहन विभाग ने साफ कहा है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी स्कूल प्रबंधनों और वाहन मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज, फिटनेस और सुरक्षा मानकों को समय पर पूरा रखें, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।



