पाकुड़ में नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर संपन्न, 102 आवेदकों को मिला लर्नर लाइसेंस
Learner's driving license camp concludes in Pakur; 102 applicants receive learner's licenses.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड सरकार के निर्देश पर जिले में वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के प्रति जागरूक करने तथा लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश एवं जिला परिवहन पदाधिकारी मुहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में बुधवार को पाकुड़ अंचल में आयोजित दो दिवसीय शिविर के दूसरे दिन 70 आवेदन प्राप्त हुए। जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों ने सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए सभी 70 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति प्रदान की। इसके साथ ही पाकुड़ अंचल में आयोजित प्रथम दो दिवसीय शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। जिला परिवहन विभाग के अनुसार, शिविर के दोनों दिनों में कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निष्पादन करते हुए सभी 102 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति उपलब्ध कराई गई। शिविर के दौरान नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन करने की सलाह दी गई। जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आगामी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय शिविरों का लाभ उठाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की है।



