जालौन
गरजा प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों में मची खलबली!
एसडीएम राकेश सोनी ने संभाली कमान, देर शाम नगर की सड़कों पर चला बड़ा अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुवार देर शाम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर के साथ व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी राकेश सोनी और क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में देवनगर चौराहा, अस्पताल रोड, बड़ा डाकघर, उरई रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों और अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने सार्वजनिक सड़कों पर रखे गए सामान, अस्थायी निर्माण और अवैध कब्जों को हटवाया। अभियान के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुशील दोहरे, कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
उपजिलाधिकारी राकेश सोनी ने दो टूक कहा कि सार्वजनिक भूमि और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने दुकानदारों और नागरिकों से स्वयं अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की अपील की।
देर शाम चली इस कार्रवाई के बाद पूरे नगर में प्रशासन की सख्ती चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि यदि इसी तरह नियमित कार्रवाई होती रही तो सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहेंगी और आमजन को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि पूर्व उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही के स्थानांतरण के बाद कुछ स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण बढ़ने की शिकायतें सामने आने लगी थीं। ऐसे में नवागत उपजिलाधिकारी राकेश सोनी ने पदभार संभालने के बाद इस बड़ी कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था और सार्वजनिक हित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने दोहराया कि नगर में सभी कार्य पूरी तरह विधि सम्मत और नियमानुसार ही कराए जाएंगे।

