पाकुड़ में जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता टीमों का हुआ चयन
District-level Subroto Football Tournament organized in Pakur; winning teams selected.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्तरीय स्टेडियम में जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में विजेता टीमों का चयन किया गया। अंडर-12 बालक वर्ग में लिटिल फुटबॉल जितादो मिशन, पाकुड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-15 बालक वर्ग में एकलव्य विद्यालय, पाकुड़िया विजेता बना। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, पाकुड़िया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय सुब्रतो फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में ओलंपिक संघ, पाकुड़ के पदाधिकारियों के साथ-साथ समग्र शिक्षा अभियान के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मौके पर एडीपीओ पीयूष कुमार, एपीओ राजेश कुमार, वरिष्ठ खिलाड़ी अम्लान कुसुम सिन्हा, ए. गांगुली, रणवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। प्रतियोगिता का सफल आयोजन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
:::



