
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। जिले के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सैनिकों की सुविधाओं के लिए प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स के लिए चिन्हित भूमि का स्थान परिवर्तन करने की मांग की। ज्ञापन जिला भूतपूर्व सैनिक लीग के बैनर तले सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान सरकार ने बजट घोषणा के तहत खैरथल में सैनिकों की सुविधाओं के लिए इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स स्थापित करने का प्रावधान किया है। इस परिसर में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, सैनिक विश्राम गृह, ईसीएचएस तथा सीएसडी केंटीन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जानी हैं। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा चार बीघा भूमि आवंटित किए जाने का प्रस्ताव है।
पूर्व सैनिकों ने आरोप लगाया कि वर्तमान में जिस भूमि को चिन्हित किया गया है, वह रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित है तथा वहां तक पहुंचने के लिए पर्याप्त यातायात सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सुनसान और असुरक्षित होने के कारण वृद्ध भूतपूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के लिए उपयुक्त नहीं है। ऐसे स्थान पर सैनिक विश्राम गृह का दिन और रात्रि के समय प्रभावी उपयोग भी संभव नहीं हो पाएगा।
ज्ञापन में कहा गया कि सैनिकों और उनके परिवारों को चिकित्सा, आवास एवं अन्य सुविधाओं के लिए नियमित रूप से इस परिसर में आना-जाना होगा। ऐसे में परिसर का स्थान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के निकट तथा सुगम यातायात सुविधा वाले क्षेत्र में होना आवश्यक है।
पूर्व सैनिकों ने जिला कलक्टर से मांग की कि इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स के लिए भूमि का पुनः चयन कर भूडावाली क्षेत्र अथवा रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड के समीप किसी उपयुक्त स्थान पर भूमि आवंटित की जाए, ताकि जिले के सभी भूतपूर्व सैनिक एवं उनके आश्रित सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला भूतपूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए सैनिक हित में उचित निर्णय लेगा।
इस मौके पर कैप्टन हजारीलाल अध्यक्ष जिला एक्स सर्विसेज लीग खैरथल तिजारा, सीपीओ सुल्तान सिंह, सूबेदार मेजर रोहिताश सिंह, सूबेदार मेजर राम सिंह बारेठ, कैप्टन रतन सिंह, सिपाही करण सिंह, कैप्टन गिरिराज प्रसाद, सूबेदार रामबाबू टोकस, कैप्टन रामावतार सिंह, कैप्टन इंद्राज सिंह, सूबेदार सुबे सिंह, हवलदार सुभाष चंद्र यादव, हवलदार धर्मचंद, हवलदार मदन लाल सैनी, कैप्टन अमी लाल, हवलदार परसा राम, कैप्टन धर्म सिंह,हवलदार हनुमान कसाना सहित भारी संख्या में भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

