सिंगरौली
कलेक्टर की पहल पर जीर ग्राम की प्रशिक्षित महिलाओं को सीएसआर मद से मिली निःशुल्क सिलाई मशीनें
जन चौपाल में रखी गई मांग पर हुआ त्वरित अमल, जिला प्रशासन एवं अदानी फाउंडेशन के सहयोग से मिला स्वरोजगार का अवसर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर ग्राम जीर की प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएसआर मद से निःशुल्क सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग तथा अदानी फाउंडेशन, बधौरा के सौजन्य से प्रदान की गई इन सिलाई मशीनों से महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।उल्लेखनीय है कि ग्राम जीर में आयोजित कलेक्टर की जन चौपाल के दौरान महिलाओं ने स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया था। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही आरसेटी एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अधिकारियों को महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर के निर्देशानुसार आरसेटी एवं एनआरएलएम के माध्यम से महिलाओं को व्यवस्थित रूप से सिलाई का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत जिला प्रशासन के समन्वय एवं अदानी फाउंडेशन, बधौरा के सहयोग से प्रशिक्षित महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीनों का वितरण किया गया, जिससे वे स्वयं का रोजगार प्रारंभ कर सकें।इस अवसर पर कलेक्टर गौरव बैनल ने प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि शासन की मंशा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सिलाई कार्य के साथ-साथ विद्यालयी यूनिफॉर्म, रेडीमेड परिधान एवं अन्य सिलाई कार्यों के माध्यम से महिलाएं अपनी आय में वृद्धि कर सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को केवल सिलाई तक सीमित न रखते हुए बकरी पालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन तथा अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाए, ताकि उनकी आय के स्थायी स्रोत विकसित हो सकें।



