सिंगरौली
सड़क सुरक्षा और राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान
संगीता मरावी बनीं परिवहन निरीक्षक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली की प्रभारी संगीता मरावी को परिवहन उप निरीक्षक से पदोन्नत कर परिवहन निरीक्षक बनाया गया है। पदोन्नति के उपरांत भी उनकी कार्यकुशलता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने उनकी पदस्थापना आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली में यथावत रखते हुए उन पर अपना विश्वास कायम रखा है।
ग्राउंड जीरो रिपोर्ट के अनुसार, मात्र तीन माह के अल्प कार्यकाल में संगीता मरावी ने सड़क सुरक्षा और शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने ‘सुरक्षित सफर-जनजागरूकता अभियान’ के अंतर्गत पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए व्यावसायिक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान चलाया। वहीं यात्री बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की एवं VLTD (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक जांच अभियान संचालित किए, जिससे सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूती मिली और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिला।
इसके साथ ही उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बिना कर, बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, बिना तिरपाल एवं अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की। कर एवं शास्ति की वसूली में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए उन्होंने शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में पूर्व के सभी रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन दर्ज कराया, जो उनकी कार्यकुशलता, दृढ़ निर्णय क्षमता एवं प्रभावी नेतृत्व का प्रमाण माना जा रहा है।
संगीता मरावी की दूरदर्शी सोच, कठिन परिस्थितियों में भी त्वरित एवं सकारात्मक निर्णय लेने की क्षमता तथा वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के साथ उनके संतुलित, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार ने उन्हें विभाग के एक कुशल, अनुशासित एवं परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में स्थापित किया है।



