
चिकित्सकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर लिया संरक्षण का संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
उरई (जालौन)। राजकीय मेडिकल कॉलेज, जालौन (उरई) में रविवार को प्रदेश सरकार के श्एक पेड़ मां के नामश् अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में 1 हजार फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने पौधरोपण कर किया। उनके साथ उप-प्रधानाचार्य डॉ. आर.एन. सिंह कुशवाहा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत निरंजन, डॉ. निशांत सक्सेना, डॉ. प्रशांत भटनागर, डॉ. जितेंद्र मिश्रा, डॉ. अमित कुमार सहित अन्य चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने भी पौधे लगाए। प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रकृति के संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान का भी संदेश देता है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।



