मेरठ

वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय, वीजीआई मेरठ एवं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता रैली एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के आवास आयुक्त एवं वरिष्ठ आईएएस बलकार सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 और ग्रीन इंडिया-क्लीन इंडिया के लक्ष्य को साकार करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी ने सभी से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य सामाजिक अवसरों पर पौधरोपण करने तथा पौधों को उपहार स्वरूप भेंट करने का संकल्प लेने की अपील की। प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय व्यापक वृक्षारोपण और प्लास्टिक के उपयोग में कमी है।

कुलपति प्रो. कृष्ण कान्त दवे ने बताया कि संस्थान पूरे जुलाई माह वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर सीडीओ अश्वनी मिश्र, एडीएम गरिमा सिंह, एसडीएम चन्द्रकान्ता, डीएफओ राजीव सिंह, कुलसचिव डॉ. पीयूष कुमार पाण्डेय सहित प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद्, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button