मथुरा
मथुरा के तीन ट्रस्टों से बैंक खातों में आए ठगी के 15 करोड़ रुपये

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जनपद में अब ऐसे बैंक खाते भी पुलिस के रडार पर हैं, जिनमें लेन-देन की गतिविधियां संदिग्ध हैं। इसमें तीन बैंक खातों की कुंडली साइबर पुलिस ने निकाल ली है। जांच में पाया कि फर्जी ट्रस्ट के नाम पर वर्ष 2025 में वृंदावन गेट मथुरा स्थित एसबीआई शाखा में एक और मंडी समिति सौंख रोड स्थित दूसरी शाखा में दो बैंक खाते खुलवाए गए। इन खातों में देश के विभिन्न राज्यों से 14.66 करोड़ रुपये ठगी की रकम अलग-अलग दिनों में ट्रांसफर कराई गई। जांच में सहयोग पब्लिक फाउंडेशन के खाते में लगभग 13.01 करोड़ रुपये, जनकल्याण सेवा ट्रस्ट के खाते में 48 लाख रुपये और एसएंडडी इंटरप्राइजेज के खाते में 1.17 करोड़ रुपये मिले साथ ही यह भी पता चला कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगों द्वारा फर्जी अकाउंट के रूप में किया जा रहा था। पोर्टल पर इन खातों के खिलाफ देशभर से बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज मिली हैं। जनकल्याण सेवा ट्रस्ट के खाते के खिलाफ 220, सहयोग पब्लिक फाउंडेशन के खाते के खिलाफ 93 और एसएंडडी इंटरप्राइजेज के खाते के खिलाफ 37 शिकायतें दर्ज हैं। कुंडली खुलने के बाद साइबर पुलिस ने मगोर्रा के अहमलकलां निवासी पंकज कुंतल, छाता के तरौली निवासी वीरेंद्र, प्रयागराज निवासी अंकित त्रिपाठी समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरी प्राथमिकी नौहझील के मिठौली निवासी संदीप कुमार और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ दर्ज की गई है। साइबर थाना प्रभारी रफत मजीद ने बताया कि एक खाते पर कार्रवाई या लियन (बैंक खाते पर अस्थायी रोक) लगने के बाद आरोपी दूसरा बैंक खाता खुलवा लेते थे और उसी के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन जारी रखते थे।



